कलेक्टर ने मां शिप्रा को चुनरी चढ़ाई, कलेक्टर, एसपी एवं ननि आयुक्त ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया


 
उज्जैनl कलेक्टर शशांक मिश्र ने आज भारी बारिश के बीच रामघाट पहुंचकर मां शिप्रा नदी की विधि-विधान से पूजा कर चुनरी चढ़ाई। पूजा-अर्चना स्थानीय पुरोहित द्वारा मंत्रोच्चार कर मां शिप्रा की आराधना की गई तथा उनसे अपने रौद्र रूप को शान्त करने का आव्हान किया गया। उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के चलते शिप्रा नदी उफान पर है तथा जन-जीवन भी प्रभावित हो रहा है। ऐसे अवसर पर परम्परा अनुसार जिला प्रशासन के द्वारा मां शिप्रा की पूजन-अर्चन की जाती है। इसलिये आज कलेक्टर शशांक मिश्र ने रामघाट पहुंचकर पूरे विधि-विधान से मां शिप्रा की पूजा-अर्चना की और आव्हान किया कि मां शिप्रा अपना रौद्र रूप शान्त करे।


 
कलेक्टर शशांक मिश्र, पुलिस अधीक्षक सचिन अतुलकर तथा नगर निगम आयुक्त सुश्री प्रतिभा पाल ने संयुक्त रूप से रामघाट के समीप बड़ा पुल, नृसिंह घाट एवं त्रिवेणी घाट का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। उन्होंने की गई व्यवस्थाओं पर संतोष प्रकट किया।