नई दिल्ली। लोकसभा में शुक्रवार को राहुल गांधी के उस बयान पर हंगामा हुआ, जिसमें उन्होंने कहा है कि 'मेक इन इंडिया' के जगह भारत 'रेप इन इंडिया' हो गया है। मोदी सरकार के राज में भारत रेप कैपिटल हो गया है। इस बयान पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के नेतृत्व में महिला सांसदों ने हंगामा किया और राहुल गांधी से माफी की मांग की। स्मृति ने कहा, महिला को राहुल ने बदनाम किया है। हर भाई और बेटा दुष्कर्मी नहीं होता। इस बीच भाजपा सांसदों ने भी कहा कि राहुल गांधी को ये क्या हो गया है। गांधी खानदान के सदस्य का यह कैसा बयान है? उन्होंने लोकसभा स्पीकर से मांग की कि इस बयान के लिए राहुल को सजा मिलना चाहिए। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंंह ने भी कहा कि राहुल का बयान शर्मिंदा करने वाला है। इसी मुद्दे पर राज्यसभा में भी हंगामा हुआ और कार्रवाई कुछ देर के लिए स्थगित करना पड़ी।
हालांकि राहुल गांधी ने माफी मांगने से इन्कार कर दिया है। उनका कहना है कि भाजपा असम में फैली हिंसा से ध्यान भटकाने के लिए ऐसा कर रही है।
स्मृति ने कहा - इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि कोई नेता यह सफाई दे रहा है कि भारतीय महिलाओं के साथ दुष्कर्म किया जाना चाहिए। क्या यह राहुल गांधी का देश के लोगों के लिए संदेश है? बता दें, शुक्रवार को संसद के मौजूदा सत्र का आखिरी दिन है। वहीं संसदीय कार्यमंत्री प्रहलाद जोशी ने महाराष्ट्र में कांग्रेस के सहयोग से सरकार बनने वाली एनसीपी से भी सवाल पूछा। जोशी ने सुप्रिया सुले से जवाब मांगा।